सिंघाना। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर नगर पालिका सिंघाना की ओर से कस्बे में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व नवनिर्वाचित चेयरमैन पिंकी डीपी सैनी ने किया। इसमें जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
रामशरण चौक से बुहाना मोड़ तक सफाई
स्वच्छता अभियान की शुरुआत रामशरण चौक से हुई। इसके बाद पोस्ट ऑफिस, आईसीआईसीआई बैंक के सामने, पुलिस स्टेशन के सामने और सिंघाना बाईपास होते हुए बुहाना मोड़ तक मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई की गई।
अभियान के दौरान सड़कों और रास्तों पर फैले कचरे को हटाया गया। साथ ही आमजन को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
जनप्रतिनिधियों और पालिका कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
अभियान में उपचेयरमैन रचना पूनिया, पार्षद नवीन कुमार, बाबूलाल जांगिड़, इस्लाम अली, गिरधारी, विक्की मीणा, डीपी सैनी, परमेश्वर भाटी, बनेश्वरी आर्य, राजेश जैदिया, प्रमेन्द्र और संजय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा पार्षद प्रतिनिधि दिनेश कुमार, जितेंद्र शर्मा, नगर पालिका के कर्मचारी और कस्बे के गणमान्य नागरिकों ने भी सफाई अभियान में सहभागिता की।
स्वच्छता को जन-जन का अभियान बनाने की अपील
अभियान के दौरान चेयरमैन पिंकी डीपी सैनी ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर सिंघाना के निर्माण के लिए स्वच्छता को जन-जन का अभियान बनाना जरूरी है।
उन्होंने नगरवासियों से अपने घर और दुकान के आसपास साफ-सफाई रखने तथा नगर पालिका की ओर से चलाए जाने वाले स्वच्छता अभियानों में सहयोग करने की अपील की।
चेयरमैन ने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनसहयोग से ही सिंघाना को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर बनाया जा सकता है।






