सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वावधान में श्री बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस पर 1 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
‘गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह’ होटल रानी बाग, सूरजगढ़ में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गाँधी फार्म हाउस में धर्मपाल गाँधी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें समारोह को सफल और व्यवस्थित बनाने को लेकर चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
गाँधी जीवन दर्शन पोस्टर का विमोचन
बैठक के दौरान गाँधी जीवन दर्शन पोस्टर का विमोचन गाँधी परिवार के सदस्यों ने किया।
संस्थान की ओर से राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह के पोस्टर का विमोचन पहले ही किया जा चुका है। आयोजकों के अनुसार इस बार समारोह का मुख्य केंद्र गाँधी जीवन दर्शन है, इसलिए इसके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष पोस्टर जारी किया गया।
सत्य, अहिंसा और मानवता का संदेश
आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने बताया कि यह आयोजन केवल प्रतिभाओं को सम्मानित करने तक सीमित नहीं है।
उन्होंने कहा कि समारोह के जरिए सत्य, अहिंसा, शांति, सद्भाव, सेवा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
धर्मपाल गाँधी ने कहा कि वर्तमान समय में गाँधी के विचारों की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है। समाज में शांति, भाईचारा और आपसी सद्भाव मजबूत करने के लिए इन विचारों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।
देशभर से आएंगी प्रतिभाएं
आयोजकों के अनुसार समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से कवि, लेखक, साहित्यकार, पत्रकार, कलाकार, शिक्षाविद्, कानूनविद्, पर्यावरण प्रेमी, खिलाड़ी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा।
चयन समिति की ओर से सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं की पांच सूचियां जारी की जा चुकी हैं।
वर्षा भूरिया सहित कई नाम सम्मान सूची में
बैठक में राजस्थानी युवा गायिका वर्षा भूरिया को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई।
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता संजय मीणा जाखल, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता राकेश सोनी और सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद गर्वा के नाम भी सम्मान सूची में शामिल किए गए हैं।
तैयारियां अंतिम चरण में
कार्यक्रम प्रभारी मनजीत सिंह तंवर ने बताया कि समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले अतिथियों और प्रतिभागियों के स्वागत, आवास तथा कार्यक्रम की अन्य व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने बताया कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ समारोह को भव्य और सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
गाँधी दर्शन और प्रतिभा सम्मान का संगम
आयोजकों के अनुसार 1 सितंबर को होटल रानी बाग में होने वाला समारोह गाँधी जीवन दर्शन, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक सरोकारों का संगम होगा।
कार्यक्रम के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में सत्य, अहिंसा, शांति, सेवा और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में पूर्व पंचायत समिति सदस्य चाँदकौर, मनजीत सिंह तंवर, धर्मपाल गाँधी, सुनील गाँधी, दरिया सिंह डीके, सतीश कुमार, मनजीत बुडानिया, राकेश कुमार, इशांत, हर्षिता, माहिर और हर्ष गाँधी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






