झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना पुलिस ने गवाह को जान से मारने की धमकी देने के मामले में हार्डकोर अपराधी जयप्रकाश उर्फ जेपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी रामसिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
गवाह को बयान नहीं देने की दी थी धमकी
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को अमरपुरा कलां निवासी रंगलाल ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवाद में आरोप लगाया गया कि 6 जुलाई 2026 को जब वह घर से निकला तो जयप्रकाश उर्फ जेपी और एक अन्य व्यक्ति बोलेरो वाहन में उसका पीछा करते हुए सूरजगढ़ मंडी रोड स्थित उसकी दुकान तक पहुंचे।
परिवादी का आरोप है कि आरोपी ने दुकान पर पहुंचकर उससे अदालत में पेशी की तारीख पूछी, गाली-गलौज की और बयान नहीं देने की धमकी देते हुए जान से मारने की चेतावनी दी। बाद में दोबारा भी उसे धमकाया गया।
स्वामी सेही गांव से गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सूचना के आधार पर आरोपी जयप्रकाश उर्फ जेपी को ग्राम स्वामी सेही से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेसी) भेज दिया गया।
पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की जांच कर रही है।






