सूरजगढ़। अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय में गांधी जीवन दर्शन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी के नेतृत्व में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पुष्प अर्पित कर किया गया।
गांधी और शास्त्री सहित महापुरुषों को नमन
इस अवसर पर महात्मा गांधी के साथ भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री तथा स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा की सदस्य लीला रॉय नाग की जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत की प्रथम स्वास्थ्य मंत्री राजकुमारी अमृत कौर तथा स्वतंत्रता सेनानी और भारत रत्न के. कामराज को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी एवं कांग्रेस की प्रथम महिला अध्यक्ष एनी बेसेंट की 1 अक्टूबर को हुई जयंती को भी स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों पर चर्चा
संस्थान के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने महात्मा गांधी के जन्मदिवस 2 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में घोषित किया है।
उन्होंने कहा कि गांधी का सत्य, अहिंसा, प्रेम, सहिष्णुता और मानवता का संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। वर्तमान समय में दुनिया के विभिन्न हिस्सों में हिंसा और युद्ध की स्थितियों के बीच गांधी के अहिंसा और शांति के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेकर सत्य, अहिंसा, सेवा, भाईचारे और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने रखा अपना पक्ष
कार्यक्रम में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष विजय मील और योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह ने भी सभा को संबोधित किया।
वक्ताओं ने गांधी के विचारों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को याद करते हुए समाज में शांति, भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विजय मील, योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई, धर्मपाल गांधी, सुशील काला, शिवदान सिंह भालोठिया, चंद्रवीर बुडानिया, दरिया सिंह डीके, भगत सिंह भालोठिया, अनामिका शर्मा, सुनील गांधी, भाविका गांधी, अजय लिखवा, पुनीत पिलानी, रोहन, अमित, आकाश, सुमित और आदित्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अंत में आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।






