झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक रेल हादसे में 25 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना कासनी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। सूचना मिलने पर जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
कासनी गांव का रहने वाला था मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कृष्ण (25) पुत्र सुरेश कुमार, निवासी कासनी, के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि कृष्ण गुरुवार शाम घर से निकला था। देर रात करीब 1:30 बजे वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की कही बात
परिजनों के अनुसार कृष्ण लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य शुक्रवार सुबह सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






