झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ कस्बे में विकास पब्लिक स्कूल के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, क्योंकि उसके पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले थे। बाद में पुलिस जांच के दौरान उसकी पहचान महपालवास निवासी 28 वर्षीय संदीप पुत्र रघुवीर, जाति जाट के रूप में हुई।
पुलिस और समिति ने मिलकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना पर जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। समिति के सदस्यों ने पुलिस की सहायता से शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर सूरजगढ़ के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया।
पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।





