सूरजगढ़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई 2026 को नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज और महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में गुरुवार को सूरजगढ़ में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपखंड प्रशासन को सौंपा गया।
नारेबाजी कर उपखंड कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारी
सामाजिक कार्यकर्ता मनजीत सिंह तंवर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा उपखंड कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “इंकलाब जिंदाबाद”, “विद्यार्थियों को न्याय दो”, “पेपर लीक बंद करो” और “दोषियों को सजा दो” जैसे नारे लगाए।
इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपखंड अधिकारी सूरजगढ़ के निजी सचिव हरीश कुमार को सौंपा गया।
ज्ञापन में उठाई गईं ये प्रमुख मांगें
ज्ञापन सौंपते हुए मनजीत सिंह तंवर ने मांग की कि जंतर-मंतर की घटना की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में घायल विद्यार्थियों को निःशुल्क उपचार, समुचित चिकित्सा सुविधा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाने तथा शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग भी शामिल की गई।
धर्मपाल गांधी ने रखे अपने विचार
इस अवसर पर लेखक एवं सामाजिक कार्यकर्ता धर्मपाल गांधी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शन के दौरान अनावश्यक बल प्रयोग हुआ है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य की रक्षा को सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया। साथ ही प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और बच्चियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार एवं मारपीट के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
क्रांतिकारियों को भी किया नमन
प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने चंद्रशेखर आजाद और बाल गंगाधर तिलक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर धर्मपाल गांधी, राय सिंह शेखावत, विकास बुडानिया, दरिया सिंह डीके, महेश धींवा, होशियार सिंह सिंगाठिया, विनोद सोनी, सुनील सैनी, अशोक कुमावत, संदीप शेखावत, मनोज सेन, हरीश राजोरिया, सुभाष मेघवाल, कपिल गुर्जर, तनुज कुमावत, विकास सिंगोदिया, योगेश सिंगोदिया तथा अडूका सरपंच प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।






