झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र के रघुवीरपुरा (गोदा का बास) में बिजली संकट गहराता जा रहा है। गांव के अनुसूचित जाति के 18 परिवार पिछले आठ दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर (डीपी) खराब होने के बाद से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, लेकिन शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने अब तक नई डीपी नहीं लगाई।
बिजली नहीं होने से भीषण गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चार बार विभाग पहुंचे, खुद डीपी भी पहुंचाई
ग्रामीणों का कहना है कि वे समस्या के समाधान के लिए सूरजगढ़ बिजली विभाग के चार चक्कर लगा चुके हैं। इतना ही नहीं, खराब डीपी को अपने निजी वाहन से विभाग तक पहुंचाकर जमा भी कराया, ताकि जल्द नई डीपी लगाई जा सके।
इसके बावजूद अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आंदोलन और सड़क जाम की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नई डीपी लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि मजबूर होकर बुहाना–सूरजगढ़ मार्ग को जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
विरोध के दौरान जगजीवन मेघवाल, आशीष कुमार मेघवाल, महेंद्र, कुमला देवी, कृपा देवी, प्रीति देवी, हेमलता, कविता, बिमला, निम्बो देवी, मोनिका, प्रिया, सारथिक, अंकित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।






