झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में सुरदास की ढाणी (कासनी चौराहा) के पास दो स्कूल बाल वाहिनियों की टक्कर में 11 स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायल बच्चों को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरजगढ़ पहुंचाकर उपचार कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थाना प्रभारी रणजीत सिंह सेवदा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस खुद बनी परिवादी, दर्ज किया मुकदमा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों स्कूल वाहनों के चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहे थे, जिसके कारण दुर्घटना हुई। इसके अलावा दोनों बाल वाहिनियों में स्कूल वाहनों के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वयं परिवादी बनकर दोनों चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है।
सुरक्षा नियमों की भी होगी जांच
पुलिस अब दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि स्कूल वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






