सूरजगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी हुए डंपर को झुंझुनूं पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार पीछा करने के बाद पंजाब बॉर्डर से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 1200 किलोमीटर तक पीछा किया और 1500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी रामसिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

फैक्ट्री के बाहर से हुआ था डंपर चोरी

पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को परिवादी शैलेन्द्र मान (38), निवासी भिर्र, थाना बुहाना ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका डंपर आरजे-18 जीडी-1488 31 जुलाई की रात सूरजगढ़ रोड स्थित ब्लॉक फैक्ट्री के बाहर खड़ा था।

रात करीब 1:30 बजे अज्ञात व्यक्ति डंपर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी जांच से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने स्थानीय सूचना, तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न स्थानों के करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके आधार पर टीम ने लगभग 1200 किलोमीटर तक डंपर का पीछा करते हुए पंजाब बॉर्डर से वाहन बरामद कर लिया।

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने डंपर को बरामद कर लिया है। हालांकि, चोरी की वारदात में शामिल अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच एवं तलाश जारी है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...