सूरजगढ़। शहर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने तीन नए ट्यूबवेलों के निर्माण और कमीशनिंग की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है।
इन ट्यूबवेलों के निर्माण से शहर के संबंधित वार्डों में पेयजल आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है।
विधायक श्रवण कुमार के प्रयासों का बताया परिणाम
नगर कांग्रेस कमेटी सूरजगढ़ के अध्यक्ष रामसिंह चेतीवाल ने बताया कि सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नए ट्यूबवेल शुरू होने के बाद शहर के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी और जलापूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।
वार्ड 1, 2 और 22 में बनेंगे ट्यूबवेल
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जयपुर की ओर से जारी आदेश के अनुसार वार्ड नंबर 01, वार्ड नंबर 02 और वार्ड नंबर 22 (मुख्य गांव के पास) में एक-एक नए ट्यूबवेल का निर्माण किया जाएगा।
प्रत्येक ट्यूबवेल 200 मिलीमीटर व्यास का होगा। तीनों ट्यूबवेलों के निर्माण और कमीशनिंग के लिए 49.62 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
प्रत्येक ट्यूबवेल के लिए 16.54 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है।
इन वार्डों में जलापूर्ति होगी बेहतर
तीनों नए ट्यूबवेल चालू होने के बाद वार्ड 1, 2 और 22 में पेयजल उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों ने नए ट्यूबवेलों की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए इसे पेयजल व्यवस्था सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और विधायक श्रवण कुमार के प्रति आभार जताया।






