उदयपुरवाटी। विधानसभा क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम पंचायत टोडपुरा में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक भेरुजी महाराज लखी मेला रविवार को भक्ति, उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
भेरुजी सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले में आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भेरुजी महाराज के दरबार में शीश नवाकर मन्नतें मांगीं और पूजा-अर्चना की।
अतिथियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत
मेले के दौरान आयोजित विशेष सम्मान समारोह में भेरुजी सेवा समिति अध्यक्ष पंकज मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया।
रात्रिकालीन कार्यक्रम में नवलगढ़ डीवाईएसपी सुगन सिंह शेखावत, उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल मीणा एवं सुरेश कुमार शर्मा ने शिरकत की।
वहीं दिन के कार्यक्रम में नवलगढ़ की समाजसेवी माया चौधरी और राजकिशोर सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दिखा रोमांच
मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ खेल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। भेरुजी सेवा समिति की ओर से आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
पुष्कर के कलाकारों ने भजनों से बांधा समां
मेले की सांस्कृतिक संध्या में पुष्कर के प्रसिद्ध महावीर म्यूजिक ग्रुप की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
गायकों और कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु और श्रोता देर रात तक झूमते नजर आए। पूरे मेला परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों का जताया आभार
मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन पर भेरुजी सेवा समिति ने पुलिस-प्रशासन, खेल प्रतियोगिता में शामिल टीमों, भामाशाहों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया।
इस अवसर पर विजेंद्र सैनी, हरी मीणा, सोहन सेन, राजेंद्र सैनी, अरविंद सैनी, समदर, विनोद मीणा, गोकुल चंद्र अग्रवाल, महेंद्र सैनी और थानाराम सैनी सहित सैकड़ों ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।






