झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा सीकर-दिल्ली स्टेट हाईवे पर बालाजी होटल के पास उस समय हुआ, जब बाइक सवार युवक ने अचानक सामने आए एक आवारा पशु को बचाने का प्रयास किया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान कमलेश कुमार सैनी (24) पुत्र शिवपाल सैनी निवासी किरोड़ी कुंड, ग्राम पंचायत पहाड़िला के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम करीब 7:30 बजे उदयपुरवाटी से अपने घर लौट रहा था।
आवारा पशु को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बालाजी होटल के पास अचानक एक आवारा पशु सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कमलेश अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उदयपुरवाटी के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए सीकर रेफर कर दिया गया।
सीकर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सीकर ले जाते समय कमलेश की हालत लगातार बिगड़ती गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक के परिजन नागर मल सैनी की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों ने बताया कि कमलेश अपने जन्मदिन के लिए केक और अन्य सामान खरीदकर घर लौट रहा था। लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
कमलेश तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है।





