उदयपुरवाटी। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अनुराधा सैनी पत्नी महेश सैनी को अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा है।
अनुराधा सैनी ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष पूरे दलबल और समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के साथ ही उन्होंने भाजपा का अधिकृत चुनावी सिंबल भी निर्वाचन अधिकारी को सौंप दिया।
इस दौरान वार्ड संख्या 04 के पार्षद घनश्याम स्वामी ने अनुराधा सैनी के नामांकन में प्रस्तावक की भूमिका निभाई।
भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उदयपुरवाटी नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला तेज हो गया है।
अब दोनों प्रमुख दलों के सामने अध्यक्ष पद के लिए समर्थन जुटाने की चुनौती है। खासतौर पर निर्दलीय पार्षदों की भूमिका पर राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हुई हैं।
निर्दलीय पार्षदों पर टिका सियासी गणित
अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नगर पालिका में बहुमत का आंकड़ा जुटाने की कवायद तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही निर्दलीय पार्षदों के समर्थन को लेकर रणनीति बनाने में जुटे हैं।
नामांकन के बाद अब बाड़ेबंदी और सियासी गुणा-गणित की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। निर्दलीय पार्षद किस ओर जाते हैं, इसे लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं।
फिलहाल अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की ओर से अनुराधा सैनी का नामांकन होने के बाद मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है। आगामी प्रक्रिया में समर्थन और बहुमत का गणित महत्वपूर्ण रहेगा।






