उदयपुरवाटी के अभिभाषक संघ के लंबे संघर्ष को बड़ी सफलता मिली है। राज्य सरकार ने आदेश जारी कर तहसील गुढ़ा गौड़जी की राजस्व पत्रावलियों की सुनवाई का क्षेत्राधिकार अब झुंझुनूं के स्थान पर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) उदयपुरवाटी को सौंप दिया है। फैसले की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
दिसंबर से चल रहा था आंदोलन
बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट श्रवण कुमार सैनी ने बताया कि जिला नीमकाथाना के गठन के समय गुढ़ा गौड़जी की राजस्व पत्रावलियों का क्षेत्राधिकार उपखंड अधिकारी झुंझुनूं को दिया गया था।
उन्होंने बताया कि नीमकाथाना जिले के पुनर्गठन के बाद नियमानुसार यह क्षेत्राधिकार उदयपुरवाटी उपखंड को मिलना चाहिए था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों और अधिवक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी मांग को लेकर अभिभाषक संघ दिसंबर 2025 से आंदोलन कर रहा था।
जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मिला समाधान
अभिभाषक संघ के अनुसार इस मांग को सरकार तक पहुंचाने में जिला प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेडम तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संघ का कहना है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने शुक्रवार को आदेश जारी कर क्षेत्राधिकार उदयपुरवाटी को सौंपने का निर्णय लिया।
न्यायालय परिसर में मनाया जश्न
सरकारी आदेश की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने खुशी जताई। अभिभाषक संघ के सदस्यों ने डीजे पर नृत्य किया, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और परिसर स्थित भगवान बजरंगबली को पुष्पमाला एवं प्रसाद अर्पित किया।
अभिभाषक संघ ने इस निर्णय के लिए राज्य सरकार, प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।






