उदयपुरवाटी। नगर पालिका में नई ‘शहरी सरकार’ के गठन का अंतिम चरण सोमवार को शुरू होगा। निकाय चुनाव के तहत 9 सितंबर को डाले गए वोटों की गिनती जमात खेतुड़ा नाला स्थित राजकीय महाविद्यालय में कराई जाएगी।

मतगणना को लेकर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह से ही मतगणना केंद्र पर प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहेंगी।

6 राउंड में होगी वोटों की गिनती

मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू होगी। वोटों की गिनती को कुल 6 राउंड में पूरा कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 1, 21 और 34 के मतों की गिनती 2 राउंड में पूरी की जाएगी। मतगणना के दौरान शुरुआती रुझान आने के साथ ही चुनावी तस्वीर स्पष्ट होने लगेगी।

प्रशासन के अनुसार सुबह करीब 12 बजे तक रुझान और स्थिति स्पष्ट होने लगेगी, जबकि दोपहर करीब 1 बजे तक लगभग सभी वार्डों के अंतिम परिणाम सामने आने की संभावना है।

80.80 प्रतिशत मतदान से तय हुआ प्रत्याशियों का भविष्य

नगर पालिका पार्षद पदों के लिए 9 सितंबर, बुधवार को मतदान हुआ था। चुनाव में मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया और कुल 80.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

अब चुनावी मैदान में उतरे सभी 166 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतगणना के साथ होगा। परिणाम सामने आने के साथ ही अलग-अलग वार्डों में जीत-हार को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लग जाएगा।

चेयरमैन की कुर्सी अनारक्षित, बढ़ेगी सियासी हलचल

उदयपुरवाटी पालिकाध्यक्ष यानी चेयरमैन का पद अनारक्षित (ओपन) है। ऐसे में पार्षदों के परिणाम सामने आते ही पालिकाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

वार्डों के परिणाम आने के बाद निर्दलीय और प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुट सकते हैं। चेयरमैन की कुर्सी पर कब्जे के लिए राजनीतिक गोटियां बिछने और पार्षदों की संभावित बाड़ाबंदी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।

अब सभी की नजरें सोमवार की मतगणना पर टिकी हैं। वार्डवार परिणाम सामने आने के साथ ही यह साफ हो जाएगा कि उदयपुरवाटी नगर पालिका की अगली ‘शहरी सरकार’ की तस्वीर कैसी होगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Kailash is a dedicated News Author covering the Udaipurwati. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...