उदयपुरवाटी। निकाय चुनाव की घोषणा और आदर्श आचार संहिता लागू होते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक पुलिस की यह सक्रियता जारी रहने की बात कही गई है।
बुधवार शाम थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाप्ते के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों पर पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आमजन और मतदाताओं से संवाद भी किया।
सीआई रामपाल मीणा ने की भयमुक्त मतदान की अपील
थानाधिकारी रामपाल मीणा ने कस्बेवासियों से आगामी निकाय चुनाव में बिना किसी डर, दबाव या प्रलोभन के मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान अतिक्रमण पर चला चाबुक
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने केवल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ही नहीं लिया, बल्कि अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई।
मुख्य रास्तों और सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों और आम लोगों को तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही सड़क पर बेतरतीब और अवैध तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही वाहनों के चालान काटे।
रात 8 से 10 बजे तक ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए उदयपुरवाटी कस्बे में रात 8 बजे से 10 बजे तक ‘ए’ श्रेणी की विशेष नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की। आने-जाने वाले वाहनों पर भी पुलिस की नजर रही।
चुनाव तक जारी रहेगा पुलिस का एक्शन
निकाय चुनाव की घोषणा के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। फ्लैग मार्च, नाकाबंदी और यातायात कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
थानाधिकारी रामपाल मीणा ने दोहराया कि पारदर्शी, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।
आमजन से सहयोग की अपील
पुलिस ने कस्बेवासियों से चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, दबाव या विवाद से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
फ्लैग मार्च और नाकाबंदी के जरिए पुलिस ने चुनाव से पहले सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान को लेकर स्पष्ट संदेश दिया।






