उदयपुरवाटी। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस जवानों ने मुख्य मार्गों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में निकला फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में आयोजित किया गया।
थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस बल के जवान कस्बे के विभिन्न इलाकों से गुजरे और कानून व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया।
निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान का संदेश
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने का संदेश दिया।
पुलिस ने नागरिकों से चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस प्रशासन को आवश्यक सहयोग देने की अपील की।
गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी व्यक्ति या असामाजिक तत्व ने शांति भंग करने अथवा चुनावी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।






