उदयपुरवाटी। झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के ओलखा की ढाणी में घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में की गई। थाना प्रभारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
रात में घर में घुसकर चोरी की वारदात
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को ओलखा की ढाणी, तन इन्द्रपुरा निवासी शीशराम मोटसरा ने उदयपुरवाटी थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि रात के समय अज्ञात चोर घर में घुसा और सोने-चांदी के आभूषण, 8,250 रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और चोरी हुए सामान तथा अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त 2026 को मनीष कुमार पुत्र नानूराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी ढाणी झोपड़ी वाली, तन इन्द्रपुरा, थाना उदयपुरवाटी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी से मामले में चोरी हुए माल की बरामदगी की जा रही है। बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।






