उदयपुरवाटी,कैलाश बबेरवाल। नगरपालिका क्षेत्र की नई सब्जी मंडी से नांगल गांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थाओं से स्थानीय लोग परेशान हैं। सड़क पर फैले कीचड़, गंदे पानी, अतिक्रमण और कटीली झाड़ियों के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। समस्या से नाराज वार्डवासियों ने नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो गए हैं, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

फैक्ट्री के गंदे पानी से सड़क बनी दलदल

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मार्ग पर संचालित एक रसगुल्ला फैक्ट्री का दूषित एवं अपशिष्ट पानी सीधे मुख्य सड़क पर छोड़ा जा रहा है। इसके कारण सड़क पर हर समय कीचड़ और गंदगी बनी रहती है।

वार्डवासियों का कहना है कि फिसलन के कारण आए दिन लोग और वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि फैक्ट्री संचालक को सड़क पर गंदा पानी बहाने से रोका जाए और अपशिष्ट जल की वैकल्पिक निकासी की व्यवस्था की जाए।

अतिक्रमण और झाड़ियों से संकरा हुआ रास्ता

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर कीकर, कटीली झाड़ियां, घास-फूस और मलबे का ढेर लगा हुआ है। इसके अलावा कुछ लोगों द्वारा सड़क सीमा के भीतर सीढ़ियां और अन्य स्थायी-अस्थायी निर्माण कर दिए गए हैं, जिससे रास्ता काफी संकरा हो गया है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में आवाजाही और अधिक प्रभावित होगी।

मौसमी बीमारियों का भी बढ़ा खतरा

बरसात के दौरान सड़क पर जमा गंदा पानी और कचरे से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय महिलाओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें रोज इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।

वार्डवासियों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

ज्ञापन के माध्यम से वार्डवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से सड़क सीमा में हुए अतिक्रमण हटाने, कटीली झाड़ियों और मलबे की सफाई कराने, नालियों को दुरुस्त करने तथा सड़क पर बह रहे गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...