उदयपुरवाटी। झुंझुनूं रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर प्राचार्य को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। संगठन ने लंबे समय से रिक्त हिंदी व्याख्याता के पद पर नियुक्ति और छात्र संघ चुनाव शीघ्र कराने की मांग की।
SFI कार्यकर्ताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
हिंदी व्याख्याता का पद लंबे समय से रिक्त
प्राचार्य को दिए गए पहले ज्ञापन में SFI कार्यकर्ताओं ने बताया कि महाविद्यालय में हिंदी विषय के व्याख्याता का पद लंबे समय से रिक्त है। इसके कारण बीए के विद्यार्थियों की हिंदी विषय की नियमित कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं।
संगठन ने उच्च शिक्षा विभाग से समन्वय कर हिंदी व्याख्याता की स्थायी नियुक्ति कराने की मांग की। साथ ही स्थायी नियुक्ति होने तक गेस्ट फैकल्टी के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग रखी गई।
छात्र संघ चुनाव कराने की मांग
दूसरे ज्ञापन में SFI ने महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं उठाने के लिए प्रतिनिधित्व का मंच नहीं मिल पा रहा है।
SFI ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का अवसर देने के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम भी हैं। संगठन ने चालू शैक्षणिक सत्र में छात्र संघ चुनाव शीघ्र कराने की मांग की।
मांगें नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन सौंपते हुए SFI तहसील महासचिव शिवा वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और अधिकारों से जुड़े मुद्दों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महाविद्यालय प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो SFI छात्र हित में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन के दौरान SFI तहसील महासचिव शिवा वर्मा, बबलू सैनी, शुभम नायक, राहुल, शुभम, जीतू, भारत, धीरज, विनेश, राधिका, विपिन वर्मा, मुस्कान, विकास, मोहित सैनी, सपना वर्मा, गरम सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।






