उदयपुरवाटी। खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र के पपुरना के निकट ग्राम पंचायत संजय नगर के राजस्व गांव अजय नगर की ढाणी ढुढानियां स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में नवरात्रि के शुभारंभ पर इस वर्ष भी भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजकों को स्थानीय क्षेत्र के साथ दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
सुबह निकलेगी ध्वज निशान यात्रा
शीतला माता मंदिर के भगत इन्द्राज सैनी ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन 11 अक्टूबर 2026, रविवार को सुबह 7:30 बजे महादेव मंदिर से भव्य ध्वज निशान यात्रा निकाली जाएगी।
यह यात्रा शीतला माता मंदिर परिसर तक पहुंचेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
दोपहर से होगा विशाल भंडारा
ध्वज निशान यात्रा के बाद सुबह 11:30 बजे से शाम तक विशाल भंडारे यानी महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
इसके बाद शाम को धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा।
रात 8:30 बजे से भव्य भजन संध्या
‘एक शाम शीतला माता के नाम’ भव्य जागरण एवं भजन संध्या का शुभारंभ रात 8:30 बजे होगा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध सिंगर सुरेन्द्र माली एंड पार्टी द्वारा माता रानी के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इसके साथ ही डांसर अन्नू राजस्थानी सहित शेखावाटी के स्थानीय और बाहरी कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में विभिन्न भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां भी सजाई जाएंगी।
दूर-दराज से पहुंचते हैं श्रद्धालु
आयोजकों के अनुसार शीतला माता मंदिर क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए समय-समय पर दरबार भी लगाया जाता है।
आयोजकों का कहना है कि मंगलवार और शनिवार को आयोजित दरबार में दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी समस्याओं के समाधान की कामना करते हैं।
श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
आयोजक भगत इन्द्राज सैनी एवं ग्राम पंचायत संजय नगर के प्रबुद्धजनों ने क्षेत्रवासियों और भक्तगणों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
