उदयपुरवाटी कस्बे में चोरों ने बंद मकान और दुकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एसएमएस स्कूल के पास मकान के ताले तोड़कर करीब एक लाख रुपये कीमत का वीडियो रिकॉर्डिंग कैमरा, पेन ड्राइव और नकदी चोरी कर ली गई। चोर जाते समय CCTV कैमरों की DVR यूनिट भी उखाड़कर ले गए।
घटना को लेकर भोड़की निवासी महेश कुमार पुत्र शिशपाल सिंह ने उदयपुरवाटी थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मकान के दो कमरों के ताले टूटे मिले
पीड़ित महेश कुमार के अनुसार वह 15 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे उदयपुरवाटी स्थित अपने मकान पर ताला लगाकर गांव भोड़की चले गए थे। अगले दिन 16 अगस्त की सुबह वापस लौटे तो मकान के दो कमरों के ताले टूटे मिले।
अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर कमरे से कई सामान गायब मिले, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
कैमरा, पेन ड्राइव और नकदी चोरी
पीड़ित के मुताबिक चोर करीब 1 लाख रुपये कीमत का Canon कंपनी का वीडियो रिकॉर्डिंग कैमरा, दो पेन ड्राइव और 1,600 रुपये नकद ले गए।
चोरों ने परिसर में लगे CCTV कैमरों की DVR यूनिट भी उखाड़ ली। आशंका है कि वारदात के बाद पहचान से जुड़े साक्ष्य मिटाने के लिए DVR को भी अपने साथ ले जाया गया।
लगातार चोरियों से लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों के अनुसार उदयपुरवाटी नगरपालिका क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में नाराजगी है तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठ रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के रास्तों और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।






