उदयपुरवाटी। कस्बे की होनहार छात्रा सृष्टि रामुका ने देश की प्रतिष्ठित नीट (NEET) परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सफलता की सूचना मिलते ही परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और सृष्टि को शुभकामनाएं दीं।
डॉक्टर बनकर करना चाहती हैं समाज सेवा
सृष्टि के पिता सुशील रामुका ने बताया कि उनकी बेटी का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि सृष्टि बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और खेलकूद सहित अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय भाग लेती रही है।
उन्होंने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है और उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में एक संवेदनशील एवं सफल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेगी।
माता-पिता और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
सृष्टि रामुका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के विश्वास और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी एवं निरंतर मेहनत के साथ तैयारी की जाए तो कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।
उन्होंने युवाओं से भी अपने लक्ष्य पर पूरी लगन से काम करने का संदेश दिया।
बधाइयों का लगा तांता
सृष्टि की सफलता की खबर फैलते ही उदयपुरवाटी में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के शिक्षाविदों, प्रबुद्ध नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए परिवार को बधाई दी।






