झुंझुनूं। स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर भारतीय युवा कांग्रेस ने पंचायती राज टास्क फोर्स अभियान शुरू किया है।
अभियान के जरिए जिले में चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले युवा चेहरों की तलाश की जाएगी।
40 साल से कम उम्र के युवाओं पर फोकस
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक सुभाष बाजिया ने शुक्रवार को झुंझुनूं में प्रेस वार्ता कर अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिलेभर में 40 वर्ष से कम उम्र के ऐसे युवाओं को चिन्हित किया जाएगा, जो स्थानीय निकाय या पंचायती राज चुनाव लड़ना चाहते हैं।
इन युवाओं की जानकारी जुटाकर पार्टी संगठन को सौंपी जाएगी।
गांव-ढाणी और बूथ स्तर तक होगी पहचान
सुभाष बाजिया ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पारंपरिक राजनीतिक चेहरों तक सीमित रहने के बजाय योग्य, प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवाओं को राजनीतिक अवसर उपलब्ध कराना है।
इसके लिए गांव-ढाणी और बूथ स्तर तक सक्रिय युवाओं की पहचान की जाएगी और उन्हें संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास होगा।
स्थानीय राजनीति में युवाओं को आगे लाने की तैयारी
बाजिया ने कहा कि युवा पंचायती राज व्यवस्था में नई सोच, ऊर्जा और जवाबदेही लेकर आ सकते हैं। पार्टी ऐसे युवाओं को आगे लाकर स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।
उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स अभियान के माध्यम से चुनाव लड़ने के इच्छुक युवाओं की जमीनी जानकारी तैयार की जाएगी।
प्रेस वार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष संतोष सैनी, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जाकिर झुंझुनूंवाला और सोशल मीडिया प्रभारी शमशाद खान सिरियासर मौजूद रहे।
अभियान के शुरू होने के साथ ही झुंझुनूं जिले में युवा राजनीतिक चेहरों की तलाश और संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।






