‘B.Tech पानी-पूरी वाली’ के नाम से पहचानी जाने वाली सोशल एंटरप्रेन्योर और हेल्थ एक्टिविस्ट तापसी उपाध्याय ने 27 राज्यों और 250 से ज्यादा शहरों की अपनी देशव्यापी बाइक यात्रा पूरी कर ली है। 9 मार्च 2025 को मेरठ से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान उन्होंने 800 से ज्यादा जागरूकता अभियान आयोजित किए और 7 लाख से अधिक युवाओं से सीधे संवाद किया।

यह यात्रा उनके प्रमुख पहल ‘मिशन हेल्दी भारत’ (MHB) के तहत ‘ओबेसिटी मुक्त भारत’ के संदेश को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई। यात्रा के दौरान उन्होंने युवाओं के बीच स्वस्थ जीवनशैली और बीमारी से बचाव को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

27 राज्यों और 250 से ज्यादा शहरों तक पहुंचा अभियान

तापसी उपाध्याय ने रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक और सपोर्ट वाहन के साथ देश के 27 राज्यों का सफर किया। इस दौरान 250 से ज्यादा शहरों में 800 से अधिक कैंपेन सेशन आयोजित किए गए।

अभियान के जरिए 7 लाख से ज्यादा युवाओं से सीधे जुड़ने का दावा किया गया है। कॉलेज, यूनिवर्सिटी और विभिन्न यूथ फोरम में आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और बीमारी से बचाव को लेकर जागरूक किया गया।

9 राज्यपाल और 7 मुख्यमंत्रियों ने किया सम्मानित

यात्रा के दौरान तापसी उपाध्याय को 9 राज्यों के राज्यपालों और 7 मुख्यमंत्रियों ने सम्मानित किया। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों के स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल विभागों से जुड़े कई मंत्रियों के साथ-साथ सांसदों और विधायकों से भी उनकी मुलाकात हुई।

अभियान को लेकर उन्हें कारोबारी आनंद महिंद्रा और अभिनेत्री तापसी पन्नू समेत कई चर्चित लोगों से सराहना मिलने की बात कही गई है।

स्ट्रीट फूड और हेल्दी लाइफस्टाइल का संदेश

तापसी उपाध्याय का शुरुआती वेंचर ‘B.Tech पानी-पूरी वाली’ भारतीय स्ट्रीट फूड को सस्ता, साफ-सुथरा, स्वादिष्ट और सेहतमंद बनाने की अवधारणा पर आधारित रहा है।

इसी अनुभव को उन्होंने ‘मिशन हेल्दी भारत’ के जरिए व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान से जोड़ा। उनका कहना है कि भारतीय स्ट्रीट फूड संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को साथ लेकर चला जा सकता है।

अब 10 लाख ‘OMG योद्धाओं’ को जोड़ने का लक्ष्य

तापसी उपाध्याय के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य संदेश को लोगों तक पहुंचाना नहीं था, बल्कि जमीनी स्तर की वास्तविकताओं को समझना और युवाओं को स्वास्थ्य जागरूकता अभियान से जोड़ना भी था।

अब उनका लक्ष्य देशभर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और यूथ फोरम के माध्यम से 10 लाख युवाओं को ‘OMG योद्धा’ यानी ‘ओबेसिटी-मुक्त जेनरेशन योद्धा’ के रूप में अभियान से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के बाद अभियान अब ‘एक्शन मोड’ में प्रवेश कर रहा है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी के जरिए देश में स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर रहेगा।

2047 के हेल्थ विजन से जोड़ने की कोशिश

अभियान के मुताबिक, ‘मिशन हेल्दी भारत’ का दीर्घकालिक लक्ष्य भारत के 2047 के स्वास्थ्य विजन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है। इसके लिए कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और युवा मंचों को अभियान से जोड़ने की योजना है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...