कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने यूनिफाइड पोर्टल को डेटाबेस कंसोलिडेशन और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद दोबारा शुरू कर दिया है। नए पोर्टल के साथ कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिनका सीधा असर करोड़ों ईपीएफओ सदस्यों और नियोक्ताओं पर पड़ेगा।

सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को यूनिफाइड पोर्टल के जरिए न तो एक्टिवेट किया जा सकेगा और न ही नया यूएएन जनरेट किया जा सकेगा। इसके लिए अब केवल UMANG (उमंग) ऐप का उपयोग करना होगा।

अब UMANG ऐप से होगा UAN एक्टिवेशन

ईपीएफओ के अनुसार यूएएन एक्टिवेट करने के लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से UMANG ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद ऐप में EPFO Services सेक्शन में जाकर “UAN Services Through Face Authentication” के अंतर्गत UAN Activation विकल्प चुनें।

इसके बाद आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। प्रक्रिया पूरी होते ही आपका यूएएन सक्रिय हो जाएगा। नया यूएएन नंबर भी इसी प्रक्रिया के माध्यम से जनरेट किया जा सकेगा।

नया इंटरफेस, तेज और सुरक्षित सेवाएं

ईपीएफओ ने पोर्टल का इंटरफेस भी पूरी तरह नया बनाया है। संगठन का कहना है कि इसका उद्देश्य ऑनलाइन सेवाओं को पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना है। कई महत्वपूर्ण सेवाओं को होम पेज पर ही उपलब्ध कराया गया है ताकि सदस्य आसानी से उनका उपयोग कर सकें।

संगठन के अनुसार नई सेवाएं सदस्यों और नियोक्ताओं के लिए चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही हैं।

क्या है UMANG ऐप?

UMANG (Unified Mobile Application for New-age Governance) भारत सरकार का ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन (NeGD) ने विकसित किया है।

इस ऐप के माध्यम से केंद्र, राज्य और स्थानीय सरकारी विभागों की 1,700 से अधिक सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। यह ऐप करीब 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है और आधार आधारित सत्यापन व एन्क्रिप्टेड सुरक्षा प्रणाली के साथ काम करता है, जिससे उपयोगकर्ताओं का डेटा सुरक्षित रहता है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...