क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर भारत की पहली ऑन-डिमांड एलपीजी (LPG) सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल के तहत अब ग्राहक इंस्टामार्ट के जरिए घर बैठे एलपीजी सिलेंडर मंगा सकेंगे।
फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से की जा रही है।
HP Navya कम्पोजिट सिलेंडर होगा उपलब्ध
नई सेवा के तहत ग्राहकों को 10 किलोग्राम का HP Navya कम्पोजिट LPG सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। यह सिलेंडर पारंपरिक धातु सिलेंडरों की तुलना में हल्का, जंग-रोधी और आधुनिक डिजाइन वाला है।
इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण ग्राहक आसानी से गैस का स्तर देख सकते हैं। इसका कॉम्पैक्ट आकार इसे अपार्टमेंट, छोटे परिवारों, छात्रों और कामकाजी लोगों के लिए उपयोगी बनाता है।
5 किलो का मेटल सिलेंडर भी मिलेगा
HP Navya के साथ-साथ Instamart पर HPCL का 5 किलोग्राम मेटल LPG सिलेंडर भी उपलब्ध रहेगा।
कंपनी के अनुसार, इस सेवा का लाभ लेने के लिए ग्राहकों के पास पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना आवश्यक नहीं है। पहली बार ऑर्डर करने पर इसे नए सिलेंडर की खरीद माना जाएगा, जबकि बाद में रीफिल के समय ग्राहकों को डिलीवरी के दौरान खाली HPCL सिलेंडर वापस करना होगा।
क्विक कॉमर्स का बढ़ता दायरा
Instamart के सीईओ अमितेश झा ने कहा कि कंपनी किराना सामान से आगे बढ़कर रोजमर्रा की जरूरी सेवाओं को भी ग्राहकों तक तेज़ी से पहुंचाने पर काम कर रही है। HPCL के साथ यह साझेदारी घरों तक सुरक्षित और भरोसेमंद LPG डिलीवरी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






