Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
Haryana Roadways Update : हरियाणा रोडवेज डिपो में लंबे समय से खराब ऑटोमेटिक बस वाशिंग मशीनों की समस्या अब जल्द दूर होने जा रही है। प्रदेश सरकार ने राज्य के 18 रोडवेज डिपो में 22 नई ऑटोमेटिक बस वाशिंग मशीनें लगाने का फैसला लिया है।
हिसार रोडवेज को दो नई मशीनें आवंटित की हैं। इनमें एक मशीन हिसार डिपो में स्थापित होगी। दूसरी हांसी सब डिपो में इंस्टॉल होगी।
हिसार में पुरानी मशीन करीब डेढ़ साल से खराब थी। बाद में इसे कंडम घोषित कर दिया गया। इसके बाद से बसों की धुलाई कर्मचारियों द्वारा हाथों से करवाई जा रही थी। मैन्युअल सफाई में ज्यादा समय लगने के कारण कई बसों की नियमित धुलाई प्रभावित हो रही थी।
वहीं सफाई कर्मचारियों की कमी ने भी व्यवस्था को और कमजोर कर दिया था। इसके बाद हिसार डिपो प्रशासन ने अक्टूबर 2024 में नई मशीनों की मांग मुख्यालय को भेजी थी। अब करीब एक साल बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि नई मशीनें इस माह इंस्टॉल होने की प्रक्रिया शुरू की जाएंगी। मशीन लगने के बाद बसों की धुलाई पहले की तुलना में काफी तेज और बेहतर तरीके से हो सकेगी। एक बस को साफ करने में केवल कुछ मिनट लगेंगे, समय की बचत होगी और बसों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जा सकेगी। 2.50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
