Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
New Railway Over Bridge : रेवाड़ी-शाहजहांपुर मार्ग (स्टेट हाइवे-15, अनाज मंडी के पास) पर लेवल क्रॉसिंग नंबर 61-ए रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के पास सर्विस रोड के निर्माण के लिए हरियाणा सरकार द्वारा 19.98 करोड़ (लगभग 20 करोड़ रुपए) की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है।
इस परियोजना के तहत 3285.77 वर्ग गज (0.679 एकड़) भूमि की खरीद और वहां मौजूद ढांचों को हटाने का रास्ता साफ हो गया है। इस स्वीकृति के बाद करीब 5 हजार की आबादी को सीधी राहत मिलेगी। अब भूमि खरीद के लिए जून माह में जमीन की पैमाइश शुरू हो जाएगी।
इसमें किसकी कितनी भूमि खरीद होगी, उसके कागजात तैयार करवाए जाएंगे। उसके बाद सरकार को रजिस्ट्री करवाई जाएगी। ये काम पूरा होते ही सर्विस लेन का निर्माण शुरू हो जाएगा।
दरअसल, सर्विस लेन के निर्माण और बीच में आने वाले निर्माणों को हटाने के लिए सरकार ने पहले करीब साढ़े 13 करोड़ स्वीकृत किए थे। स्थानीय लोग और जमीन मालिक अधिक मुआवजे की मांग कर रहे थे। जिसके बाद संशोधित ऐस्टीमेट भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
कॉलोनियों के लोगों को मिलेगी राहत
नवनिर्वाचित पार्षद देवेंद्र शर्मा व पूर्व पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि संशोधित बजट को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से अब सर्विस रोड के चौड़ा होने का रास्ता साफ हो गया है।
अब तक यहां केवल 6 फीट चौड़ी सर्विस रोड बची हुई थी, जिसके कारण हंस नगर, न्यू आदर्श नगर, परशुराम कॉलोनी और कंपनी बाग के निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब यहां लगभग 25 फीट चौड़ी भव्य सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा।
यह मंजूरी मिलने से चारों कॉलोनियों के परिवारों को सालों की परेशानी और जाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिलेगी।
भूमि खरीद प्रक्रिया के लिए अधिकारी नियुक्त
इस कार्य को सुचारू और पारदर्शी तरीके से तेजी से पूरा करने के लिए सरकार द्वारा एडवोकेट नरेंद्र पिप्पल को अधिकृत/नियुक्त कर दिया गया है। वे जल्द ही भूमि खरीद की आगामी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई को संभालेंगे, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी देरी के शुरू हो सके। ऐसे में जमीन होल्डर अपने संबंधित कागजात तैयार सर्वे ताकि प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके।
