छापोली के पास श्रद्धालुओं से भरा टेंपो पलटा, 7 घायल
झुंझुनू जिले में उदयपुरवाटी के छापोली के पास गिरावड़ी मोड़ पर मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु खंडेला से कदंब कुंड में स्नान के लिए जा रहे थे।
हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया।घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उदयपुरवाटी के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।परिजन विशाल के अनुसार, श्रद्धालुओं ने खंडेला से कदंब कुंड जाने के लिए किराए का टेंपो किया था। वे और उनके साथी मोटरसाइकिल से टेंपो के आगे चल रहे थे।
गिरावड़ी मोड़ के पास तेज रफ्तार टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर वे वापस मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला।उदयपुरवाटी सीएचसी में डॉ. अरुण शर्मा और मेडिकल टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों को देखते हुए चार महिलाओं को सीकर के कल्याण अस्पताल रेफर किया गया।
रेफर की गई महिलाओं में पूजा (32) पत्नी विक्की कुमार, अनीता (40) पत्नी पप्पू लाल, सुशीला (42) पत्नी बनारसी लाल और मुस्कान (20) पुत्री भंवरलाल, सभी निवासी खंडेला, शामिल हैं।
हादसे में 9 वर्षीय गुड्डू पुत्र सोनू कुमार समेत अन्य बच्चों को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बारे में भी जानकारी ली।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को कब्जे में ले लिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।






