चूरू जिले के रतननगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 15 कार्टून अवैध देशी शराब जब्त की है। धीरासर शेखावतान गांव में एक घर पर दबिश के दौरान शराब मिली, लेकिन आरोपी मौके से फरार था।
घर में छिपाकर रखी थी अवैध शराब
चूरू जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतननगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस टीम ने धीरासर शेखावतान गांव में एक घर पर दबिश देकर 15 कार्टून अवैध देशी शराब बरामद की। शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
आरोपी घर से मिला फरार
रतननगर थानाधिकारी सुभाषचंद्र के अनुसार, क्षेत्र में गश्त और निगरानी के दौरान पुलिस को अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली थी।
इसके बाद एएसआई धापी देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धीरासर शेखावतान निवासी सोहनसिंह के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान घर में अवैध रूप से रखी गई देशी शराब के 15 कार्टून मिले। हालांकि कार्रवाई के समय आरोपी सोहनसिंह घर पर मौजूद नहीं था।
आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम (एक्साइज एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशानुसार की गई।
पुलिस टीम में एएसआई धापी देवी के साथ कांस्टेबल सुमित कुमार, मुनेश कुमार, मोनू और अनिल कुमार शामिल रहे।
पुलिस का अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।






