जयपुर, प्रदेशभर में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को जयपुर के बनीपार्क स्थित होटल लेमन ट्री का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने पनीर और बाटी के एक-एक नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अभियान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चलाया जा रहा है। जयपुर में कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरवीजन में सेंट्रल टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने की।

पनीर और बाटी के नमूने लिए

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर एवं बाटी के एक-एक नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए। विभाग के मुताबिक दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट कराई

निरीक्षण के दौरान होटल में मिली एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसमें ब्रेड के 6 पैकेट, 1-1 किलोग्राम के पीनट बटर के 2 जार और स्वीट कॉर्न के 6 टिन शामिल थे।

विभागीय टीम ने होटल के चाइनीज फूड मेन्यू की भी जांच की। इसमें मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG) से संबंधित आवश्यक चेतावनी अंकित नहीं मिली। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान सामने आई अन्य कमियों को लेकर होटल प्रबंधन को अलग से इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।

खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रहेगी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, नमूनीकरण और नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...