उदयपुरवाटी में 18 नामांकन के साथ सबसे ज्यादा आवेदन, 10 निकायों में खाता नहीं खुला
झुंझुनूं, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन कुल 35 अभ्यर्थियों ने 42 नामांकन पत्र दाखिल किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि लोक सूचना जारी होने के साथ ही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।पहले दिन उदयपुरवाटी में 12 अभ्यर्थियों ने कुल 18 नामांकन पत्र दाखिल किए। यह जिले में सबसे अधिक रहा।वहीं चिड़ावा में 11 अभ्यर्थियों ने 11, खेतड़ी में 5 अभ्यर्थियों ने 5 और डूंडलोद में 2 अभ्यर्थियों ने 2 नामांकन पत्र दाखिल किए।
झुंझुनूं नगर परिषद में एक अभ्यर्थी ने एक नामांकन पत्र दाखिल किया।सुल्ताना में एक अभ्यर्थी ने दो नामांकन पत्र, सिंघाना में एक अभ्यर्थी ने एक, नवलगढ़ में एक अभ्यर्थी ने एक और मलसीसर में एक अभ्यर्थी ने एक नामांकन पत्र दाखिल किया।नामांकन के पहले दिन बगड़, मंड्रेला, पिलानी, विद्या विहार, सूरजगढ़, बुहाना, जाखल, मुकुंदगढ़, मंडावा और बिसाऊ में किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चलेगी।हालांकि, 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का राजकीय अवकाश होने के कारण इन दोनों दिनों में नामांकन संबंधी कार्य नहीं होगा।
इसलिए नामांकन 27, 29 और 31 अगस्त को ही दाखिल किए जा सकेंगे।जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों और नगर परिषद-नगरपालिकाओं को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।साथ ही 28 और 30 अगस्त को अभ्यर्थियों एवं मतदाताओं की जानकारी और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए संबंधित कार्यालय खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






