झुंझुनूं। शहर के रोड नंबर 2-3 स्थित एपेक्स स्काई लाइन अस्पताल में ऑपरेशन के बाद 21 वर्षीय विवाहिता की मौत हो जाने के बाद सोमवार को अस्पताल के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मृतका के परिजनों ने कोतवाली थाने में डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप है कि कार्रवाई के बजाय उन्हें धमकाया गया। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पति योगेश ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है। वहीं, मृतका के जेठ लोकेश का आरोप है कि ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर समीता सोनी सर्जरी के बाद मरीज को देखने तक नहीं आईं। उनका कहना है कि मरीज को जयपुर रेफर किए जाने तक भी डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं थीं।
परिजनों का आरोप है कि ब्लीडिंग रोकने में लापरवाही और इलाज में देरी के कारण विवाहिता की मौत हुई।
पोस्टमार्टम से किया इनकार
परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। इसके चलते अस्पताल परिसर और बाहर तनाव की स्थिति बनी रही।
वार्ता रही बेनतीजा
घटना की सूचना पर डीएसपी गोपाल सिंह ढाका मौके पर पहुंचे और अस्पताल प्रशासन व परिजनों के बीच समझाइश और वार्ता का प्रयास किया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कोई सहमति नहीं बन सकी।
इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।






