खेतड़ी थाना पुलिस ने SC/ST एक्ट के मामले में वांछित आरोपी संजय उर्फ संजू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

खान के हिस्से को लेकर दर्ज हुआ था मामला

खेतड़ी थाना पुलिस के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट देकर बताया था कि खान संख्या 284/2003, भुकरी की ढाणी, तहसील खेतड़ी में स्थित खान उसके और ओमप्रकाश सिंह के बीच साझेदारी में संचालित थी।

परिवादी के अनुसार खान में उसका 27 प्रतिशत तथा उसके पुत्र जितेन्द्र कुमार मीणा का 13.33 प्रतिशत हिस्सा था। संबंधित मामला सिविल कोर्ट में भी विचाराधीन बताया गया है।

आरोप है कि ओमप्रकाश सिंह ने संजय गुर्जर और संजय कुमार गुर्जर के साथ मिलकर कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक परिवादी और उसके पुत्र के हिस्से का बिना हिसाब-किताब किए खान को बेच या स्थानांतरित कर दिया।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था।

जांच के दौरान SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं

पुलिस के मुताबिक अनुसंधान के दौरान प्रकरण में SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। मामले में इससे पहले आरोपी राजेश कुमार और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है।

वहीं, वांछित आरोपी संजय उर्फ संजू की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।

तकनीकी सहायता से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने बताया कि अनुसंधान अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल झुंझुनूं फूलचंद मीणा आरपीएस के नेतृत्व में टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की तलाश की।

इसके बाद 22 अगस्त 2026 को संजय उर्फ संजू को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय उर्फ संजू पुत्र रामनिवास, निवासी बड़ा बंध, तन पपुरना, थाना खेतड़ी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...