खेत पर काम करते समय पैर फिसलने से डिग्गी में गिरे
चूरू जिले में सरदारशहर के पातलिसर बड़ा गांव की रोही में रविवार को उस समय हादसा हो गया, जब खेत पर काम कर रहे किसान बीरबलराम जाट का अचानक पैर फिसल गया।
बताया गया कि खेत में ट्यूबवेल के पास पानी की डिग्गी बनी हुई थी। पैर फिसलने के कारण बीरबलराम डिग्गी में जा गिरे और पानी में डूब गए।हादसे की जानकारी मिलते ही उनके पुत्र ओमप्रकाश ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसान को डिग्गी से बाहर निकाला।
परिजन और ग्रामीण बीरबलराम जाट को तत्काल सरदारशहर के राजकीय उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, ओमप्रकाश पुत्र बीरबलराम जाट ने बताया कि उन्होंने भादासर दिखनादा निवासी हंसराज जाट का खेत काश्त पर ले रखा है। इसी खेत में ट्यूबवेल के पास पानी की डिग्गी बनी हुई है।बीरबलराम जाट खेती का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, सभी विवाहित हैं।
बीरबलराम जाट की मौत की खबर मिलते ही पूरे पातलिसर बड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार वे मिलनसार और लोकप्रिय व्यक्ति थे। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों ने घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।सरदारशहर से शेखावाटी लाइव के लिए जगदीश लाटा की रिपोर्ट






