Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस एवं राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया गया कि राफेल के बहाने उन्होंने देश की प्रतिष्ठा को धक्का पहुँचाने का प्रयास किया है। इसे लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया। जानकारी देते हुए जिला महामंत्री नन्दकिशोर सैनी ने बताया कि देशव्यापी धरना एवं ज्ञापन देने के कार्यक्रम के तहत आज जिला कलेक्टे्रट के बाहर धरना दिया गया एवं गैर जिम्मेदाराना व्यवहार के चलते राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने के लिए राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया। इससे पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी ने कहा कि न्यायालय के निर्णय के बाद राफेल मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बोला गया झूठ उजागर हुआ है तथा सच्चाई देश की जनता के सामने आ गई है। अपने व्यवहार के लिए राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। ईमानदार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सवाल उठाकर कांग्रेस ने अपनी भ्रष्टाचारी संस्कृति को उजागर किया है क्योंकि कांग्रेस राज में घोटाले परम्परा हुआ करती है, आज नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान सम्मान विदेशों में भी बढ़ा है, राफेल विमान सौदे में भ्रष्टाचार के मनगढ़त आरोप लगाकर राहुल गांधी ने सियासी फायदा लेने के चक्कर में देश का मान और प्रतिष्ठा दोनों को गिराने का प्रयास किया है।
पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी ने कहा कि जब कांग्रेसनीत यूपीए सरकार थी तो उसने देश की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे को अधर में लटकाये रखा, मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी तरीके से इस सौदे की प्रक्रिया को अंजाम दिया, लेकिन दुर्भाग्य है कि सेना की इस महत्वपूर्ण जरूरत में भी कांग्रेस राजनीति करने से बाज नहीं आई और बेबुनियाद प्रचार करने में लगे हुए हैं। यूआईटी चैयरमेन हरिराम रणवां ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं से कहा कि सुप्रीम कोर्ट में निर्णय प्रक्रिया, कीमत तथा ऑफसेट पार्टनर को लेकर विषय उठाये गये थे, जिसमें माननीय सर्वोच्च न्यायालय में सुनाई में इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप पाया गया है। अब सभी कार्यकर्ताओं को देश की जनता के सामने कांग्रेस के इस षडय़ंत्र के बारे में बताना है ताकि कांग्रेस का असली चेहरा सामने लाया जा सके। इस दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता शर्मा, मण्डल अध्यक्ष जगदीश कुमावत, मुकेश नायक, बलदेवसिंह खण्डेला, पूर्व शहर अध्यक्ष गिरधारीलाल शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री तेजप्रकाश सैनी, नरेन्द्र कौशिक, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार जोशी, जिला मंत्री प्रभुसिंह सेवद, भँवरी खोखर, सरिता शर्मा, दुर्गा हठवाल, हरिराम मूण्ड, नरेश सैन सहित सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार जोशी ने किया।
