घर से महज 50 मीटर दूर हादसा, परिजनों ने गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की
झुंझुनू जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र में गुरुवार सुबह सीकर-दिल्ली स्टेट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम पंचायत चिराना के पास भैरूजी मंदिर के नजदीक बेकाबू डंपर ने पैदल जा रहे 60 वर्षीय शंकर लाल सैनी को कुचल दिया।
हादसा मृतक के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर हुआ। दुर्घटना में शंकर लाल की मौके पर ही मौत हो गई।ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिराना के ढाकला की ढाणी निवासी शंकर लाल पुत्र गोविंद राम सैनी पैदल जा रहे थे।
इसी दौरान सीकर की ओर से आ रहे एक डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से शंकर लाल सड़क पर गिर गए।इसके बाद डंपर उन्हें कुछ दूरी तक घसीटते हुए कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही गोठड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसे चिराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने डंपर चालक की गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
परिजनों की ओर से गोठड़ा थाने में चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कराया गया है।शंकर लाल सैनी अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।हादसे के बाद ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ भी नाराजगी जताई।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। इसके कारण पैदल चलने वालों को मजबूरी में मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है।
ग्रामीणों ने कहा कि हाईवे पर वाहनों की तेज आवाजाही के बीच यह स्थिति हादसों का खतरा बढ़ा रही है।देर शाम नवलगढ़ उपखंड अधिकारी प्रांजल कंवर ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।एसडीएम ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और कर्मचारियों को तलब किया।उन्होंने सड़क किनारे लगे मिट्टी के ढेर हटाने के निर्देश दिए।
साथ ही सड़क के दोनों ओर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए जल्द फुटपाथ निर्माण कराने की हिदायत दी।एसडीएम ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता राशि दिलाने का आश्वासन भी दिया।गोठड़ा थानाधिकारी प्रेम प्रकाश ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






