जयपुर, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की विशेष अनुसंधान इकाई ने गुरुवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शाहपुरा पुलिया के पास कृषि विभाग के अधिकारियों की गाड़ी की तलाशी ली। इस दौरान दो अधिकारियों के बैग से 2 लाख 63 हजार 500 रुपये की संदिग्ध नकद राशि बरामद हुई। एसीबी अब इस राशि के स्रोत और कथित अवैध वसूली के पहलू की जांच कर रही है।
एसीबी के अनुसार कार्रवाई मुख्यालय को मिली एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई।
निरीक्षण के दौरान अवैध वसूली की सूचना पर कार्रवाई
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि जयपुर से आई कृषि विभाग की टीम भिवाड़ी-कोटपूतली औद्योगिक क्षेत्र में खाद एवं कीटनाशक निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर रही थी। आरोप है कि निरीक्षण का भय दिखाकर संबंधित औद्योगिक इकाइयों से अवैध रूप से धनराशि वसूली जा रही थी।
सूचना के आधार पर उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर शाहपुरा पुलिया पर निगरानी की गई।
दो अधिकारियों के बैग से मिली नकदी
एसीबी ने संदिग्ध टाटा सफारी (RJ14 UC 0848) को रोककर उसमें सवार अधिकारियों और चालक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कृषि अधिकारी महेश कुमार मीणा के बैग से 1,48,500 रुपये तथा कृषि अधिकारी चन्दा राम गुर्जर के बैग से 1,15,000 रुपये बरामद हुए। इस प्रकार कुल 2,63,500 रुपये की संदिग्ध नकद राशि जब्त की गई।
वाहन में कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव तथा चालक रमेश चन्द्र मीणा भी मौजूद थे, जिनकी भी नियमानुसार तलाशी ली गई।
स्रोत और भूमिका की जांच जारी
एसीबी ने बताया कि बरामद नकदी के स्रोत, औद्योगिक इकाइयों से कथित अवैध वसूली तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। मामले में पूछताछ और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।






