जयपुर।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर जिले के चौमू क्षेत्र में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए आलीसर पटवार हल्का के पटवारी सुरेन्द्र स्वामी के कथित दलाल भैरूराम यादव को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी के अनुसार यह रिश्वत जमीन के नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में मांगी गई थी।
एसीबी ने आरोपी दलाल को चौमू कस्बे में एचपी पेट्रोल पंप के पास एक चाय की दुकान से ट्रैप कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया। वहीं, मामले में नामजद पटवारी सुरेन्द्र स्वामी की तलाश जारी है।
नामांतरण खोलने के बदले मांगी गई थी रिश्वत
एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने दिसंबर 2025 में आलीसर क्षेत्र के चारणवास में जमीन खरीदी थी। रजिस्ट्री के बाद नामांतरण खोलने के लिए पटवारी द्वारा अपने कथित दलाल के माध्यम से 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एसीबी को दी गई थी।
शिकायत का सत्यापन 1 जुलाई को किया गया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद 2 जुलाई को ट्रैप की योजना बनाई गई।
चाय की थड़ी पर हुई ट्रैप कार्रवाई
एसीबी जयपुर नगर चतुर्थ की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए चौमू स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास चाय की थड़ी पर शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये लेते समय भैरूराम यादव को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस निरीक्षक रामजीलाल सहित एसीबी की टीम मौजूद रही।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज होगा मामला
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। साथ ही पटवारी सुरेन्द्र स्वामी की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।






