जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर स्थित एचसीएम रीपा में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 100 से अधिक कैब, बाइक और ऑटो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव ने आरसीडीएफ, नगर निगम, जयपुर मेट्रो और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) के साथ विभिन्न समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी किया।
‘सारथी ही मालिक’ मॉडल से मिलेगा पूरा लाभ
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि टैक्सी चालकों को स्वामित्व और सम्मान देने वाला सहकारिता आधारित मॉडल है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में सारथी स्वयं सहकारी संस्था के सदस्य और सहस्वामी होंगे, जिससे उनकी आय पर किसी प्रकार की अतिरिक्त कमीशन कटौती नहीं होगी और उन्हें अपनी मेहनत का पूरा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस मॉडल के तहत सारथियों को पांच लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा।
30 हजार से अधिक सारथी पहले ही जुड़ चुके
मुख्यमंत्री ने बताया कि जयपुर में सॉफ्ट लॉन्च के बाद अब तक 30 हजार से अधिक सारथी और लगभग 7 लाख ग्राहक इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। प्रतिदिन हजारों यात्राएं इस सेवा के माध्यम से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भारत टैक्सी दुनिया का सबसे सफल सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बन सकता है।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध राज्य है और भारत टैक्सी के माध्यम से पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत-2047 और विकसित राजस्थान-2047 के विजन के अनुरूप गांवों और शहरों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य कर रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने सहकारिता मॉडल की सराहना की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा भारत टैक्सी की सबसे बड़ी विशेषता है, जिसमें चालक सेवा प्रदाता होने के साथ सहकारी संस्था का भागीदार भी होगा।
उन्होंने बताया कि देशभर में अब तक लगभग 8 लाख सारथी और 41 लाख ग्राहक इस सेवा से जुड़ चुके हैं तथा प्रतिदिन करीब 11 हजार यात्राएं इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित हो रही हैं। राजस्थान इस सेवा को शुरू करने वाला दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र के बाद चौथा राज्य बना है।
राजस्थान की सहकारिता उपलब्धियों का किया उल्लेख
मुरलीधर मोहोल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में राजस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य अन्न भंडारण योजना, ई-पैक्स, पैक्स कम्प्यूटरीकरण तथा सहकारी नवाचारों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।






