सीकर। राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास शनिवार 25 जुलाई 2026 को विश्व प्रसिद्ध श्री खाटूश्यामजी मंदिर का दौरा करेंगे। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने बताया कि मुख्य सचिव मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
सुबह 10 बजे पहुंचेंगे खाटूश्यामजी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य सचिव सुबह 8 बजे जयपुर से प्रस्थान करेंगे और प्रातः 10 बजे खाटूश्यामजी पहुंचेंगे। यहां वे सबसे पहले बाबा श्याम के दर्शन करेंगे।
व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की होगी समीक्षा
दर्शन के बाद सुबह 10:15 बजे से 11:15 बजे तक मुख्य सचिव मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी।
इसके साथ ही मंदिर क्षेत्र की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समग्र विकास एवं प्रभावी प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा भी की जाएगी।
निरीक्षण के बाद जयपुर लौटेंगे
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के बाद मुख्य सचिव सुबह 11:15 बजे खाटूश्यामजी से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।






