नगर निकाय चुनावों के बीच कांग्रेस ने शहरी मतदाताओं के लिए बड़ा चुनावी वादा किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर पुश्तैनी मकानों का पट्टा 500 रुपए में देने की व्यवस्था करेगी।
कांग्रेस के मुताबिक, पहले उसकी सरकार की ओर से 500 और 300 वर्ग गज के पट्टों पर छूट दी गई थी। पार्टी ने इस छूट को फिर से लागू करने का वादा किया है।
कच्ची बस्तियों के नियमन का भी वादा
कांग्रेस ने शहरों में कच्ची बस्तियों के नियमन को लेकर भी बड़ा वादा किया है।
पार्टी के अनुसार कच्ची बस्तियों का नियमन किया जाएगा। इसके अलावा पुश्तैनी रिहायशी जमीन पर धारा 69-ए के तहत लैंड कन्वर्जन से जुड़े काम करवाने की बात कही गई है।
इससे लंबे समय से पट्टे और जमीन के नियमन से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे लोगों को राहत देने का दावा किया गया है।
यूडी टैक्स को तर्कसंगत बनाने का वादा
कांग्रेस ने यूडी टैक्स को लेकर भी पुनर्विचार करने की बात कही है।
पार्टी के प्रमुख वादों में यूडी टैक्स की व्यवस्था की समीक्षा कर इसे तर्कसंगत बनाने का प्रस्ताव शामिल है।
सीसी रोड और जल निकासी की समस्या होगी प्राथमिकता
शहरों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस ने सीसी रोड और पानी की निकासी की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करने का वादा किया है।
बारिश के दौरान जलभराव और खराब सड़कों की समस्या से जूझने वाले शहरी क्षेत्रों में इन कामों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
हर साल सफाईकर्मियों की भर्ती का वादा
कांग्रेस ने सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सफाईकर्मियों की भर्ती पर भी जोर दिया है।
पार्टी ने कहा है कि भाजपा बोर्डों के कार्यकाल में जिन सफाईकर्मियों की भर्ती नहीं हो सकी, उन भर्तियों को पूरा किया जाएगा।
इसके साथ ही हर साल शहरी निकायों में जरूरत के अनुसार सफाईकर्मियों की भर्ती निकालने का वादा किया गया है।
घर-घर कचरा कलेक्शन होगा फ्री
कांग्रेस ने घर-घर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था मुफ्त करने की घोषणा की है।
इसके साथ ही कचरा संग्रहण व्यवस्था की हर दिन रियल टाइम मॉनिटरिंग करने की बात कही गई है। इससे सफाई व्यवस्था की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने का दावा किया गया है।
सीवरेज और एसटीपी पर भी फोकस
जिन शहरों और कॉलोनियों में अभी तक सीवरेज लाइन नहीं पहुंची है, वहां नई सीवरेज लाइन बिछाने का वादा किया गया है।
इसके अलावा शहरों में जरूरत के अनुसार नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाने की बात भी कांग्रेस ने कही है।
मास्टर प्लान में जनता से लिए जाएंगे सुझाव
कांग्रेस ने उन शहरों में मास्टर प्लान बनाने का भी वादा किया है, जहां अभी मास्टर प्लान नहीं है।
पार्टी के मुताबिक मास्टर प्लान तैयार करने से पहले स्थानीय लोगों से सुझाव लिए जाएंगे, ताकि शहरों के विकास की योजना स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार की जा सके।
हर कॉलोनी में स्ट्रीट और एलईडी लाइट
शहरी क्षेत्रों में बिजली और रोशनी की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने हर कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट और एलईडी लाइट लगाने का वादा किया है।
इससे शहरों में रात के समय रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने के साथ सुरक्षा और सुविधा बढ़ने का दावा किया गया है।
नगर निकायों के काम ऑनलाइन करने का वादा
कांग्रेस ने आम लोगों से जुड़े नगर निकायों के कामों को ऑनलाइन करने की भी घोषणा की है।
पार्टी के मुताबिक आम लोगों के कामों के आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे और उनके आवेदन की प्रगति की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
इससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देने और नगर निकायों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने का दावा किया गया है।






