जयपुर। कानोता थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा/खातिया की ढाणी में शनिवार दोपहर एक व्यक्ति करीब 120 फीट गहरे कुएं में गिर गया। व्यक्ति के जीवित होने की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद व्यक्ति को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

कंट्रोल रूम से मिली सूचना

सिविल डिफेंस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:35 बजे कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट से कुएं में व्यक्ति के गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि व्यक्ति जीवित है और उसे तत्काल रेस्क्यू की आवश्यकता है।

सूचना मिलते ही उप नियंत्रक अमित शर्मा के नेतृत्व में सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला

मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए टीम ने कुएं में गिरे व्यक्ति तक सुरक्षित पहुंच बनाई।

इसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सिविल डिफेंस टीम की ओर से व्यक्ति को बाहर निकालने के बाद तत्काल एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया।

त्वरित कार्रवाई से बची जान

उप नियंत्रक अमित शर्मा के अनुसार, टीम ने तत्परता और सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। समय पर सूचना मिलने और टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते कुएं में गिरे व्यक्ति को जीवित एवं सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...