राज्य सरकार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश पर जयपुर शहर में अवैध गैस भंडारण, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में गठित सतर्कता दल ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 66 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि अभियान के दौरान संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
देविका नगर में अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़
सतर्कता दल ने खोनागोरियान थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए देविका नगर, बंध्या रोड क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग की पुष्टि होने पर 45 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा 4 बांसुरियां जब्त कीं।
इसी क्षेत्र में ऑटो रिक्शा के जरिए गैस सिलेंडरों के अवैध परिवहन और कालाबाजारी की पुष्टि होने पर 12 घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए।
खातीपुरा में घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा
सतर्कता दल ने झारखंड मोड़, खातीपुरा स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार पर भी कार्रवाई की। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 9 घरेलू गैस सिलेंडर, एक रेगुलेटर और रबर पाइप जब्त किए गए।
ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत लगातार कार्रवाई
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 66 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, 4 बांसुरियां तथा एक रेगुलेटर और रबर पाइप जब्त किए गए हैं। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रवर्तन” के तहत अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
आमजन से की सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग, भंडारण, कालाबाजारी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।






