आरटीओ इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरस्पीडिंग से बचाव पर दिया जोर
जयपुर, युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनाने के उद्देश्य से खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज, जयपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) जयपुर में पदस्थापित सीनियर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने ‘जीवन रक्षा’ विषय पर व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम का आयोजन मुस्कान फाउंडेशन फॉर रोड सेफ्टी के सहयोग से खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज जयपुर एल्यूमनाई एसोसिएशन की ओर से किया गया। इसमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज के अलावा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जयपुर और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज फागी के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पूर्व छात्र दिनेश सिंह ने विद्यार्थियों को किया संबोधित
सीनियर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह स्वयं खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने देश और राजस्थान में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति से जुड़े आंकड़े साझा करते हुए युवाओं से सड़क सुरक्षा को दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया।
हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरस्पीडिंग पर जोर
दिनेश सिंह ने सड़क पर अनुशासन के साथ हेलमेट के सही उपयोग और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और खासतौर पर ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क पर अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी प्रत्येक व्यक्ति की है।
ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
कार्यक्रम में मुस्कान फाउंडेशन की ओर से समीर नैनावत और महेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा कानूनों, ट्रैफिक साइन और सुरक्षित सड़क व्यवहार के बारे में जानकारी दी।
वीडियो और प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक सड़क परिस्थितियों तथा दुर्घटनाओं से बचाव के व्यावहारिक उपायों के बारे में भी बताया गया।
एल्यूमनाई एसोसिएशन का रहा सहयोग
कार्यक्रम के आयोजन में खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज एल्यूमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष जी.पी. शर्मा, जनरल सेक्रेटरी दिनेश सैनी, एसोसिएशन सदस्य रघुनाथ सिंह और तारा सिंह का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम को खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज जयपुर के प्रधानाचार्य एवं एल्यूमनाई एसोसिएशन के चेयरपर्सन विनोद जांगीड़ के मार्गदर्शन और रामकरण यादव के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम के अंत में सीनियर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने सभी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा प्रतिज्ञा की शपथ दिलाई।
इस दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने का संकल्प लिया।






