जयपुर। राजधानी में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग SGFI प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ थीम पर हुए इस कार्यक्रम में आरटीओ अधिकारी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।

हेलमेट पहनने और मोबाइल से बचने की अपील

इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने खिलाड़ियों से वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।

उन्होंने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने का आग्रह किया। साथ ही बच्चों और युवाओं को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की सीख दी।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। खिलाड़ियों ने भी यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

राजस्थान के 700 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

70वीं राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग SGFI प्रतियोगिता का आयोजन श्री हरि ओम विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल की ओर से शिवा स्पोर्ट्स क्लब में किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 700 प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अलग-अलग आयु वर्गों के स्केटर्स अपनी गति, संतुलन, तकनीक और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना हुआ है।

रक्षित शर्मा और भवया खांडल सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्केटिंग खिलाड़ियों रक्षित शर्मा और भवया खांडल को सम्मानित किया गया।

रक्षित शर्मा ने पिछले चार वर्षों से SGFI की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट टाइमिंग दर्ज की है। वहीं भवया खांडल ने CBSE नेशनल 2024-25 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर मेडल हासिल किया।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में वार्ड 11 के पार्षद शैलेन्द्र शर्मा, वार्ड 7 की पार्षद प्रत्याशी पूजा शैलेन्द्र शर्मा, डॉ. सरोज बेनीवाल, आरटीओ इंस्पेक्टर दिनेश सिंह, शिवा स्पोर्ट्स क्लब के संचालक पवन सैनी और नरेंद्र सैनी, श्री हरि ओम विद्यालय के निदेशक बी. एल. अजमेरा, प्राचार्य राम निवास अजमेरा तथा शिवा स्पोर्ट्स अकादमी के कोच नियाज सर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया जा रहा है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...