जयपुर के कूकस गांव में बुधवार दोपहर करीब 90 फीट गहरे सूखे कुएं में एक महिला और पुरुष गिर गए। दोनों को बाहर निकालने के प्रयास में दो अन्य व्यक्ति भी कुएं में उतर गए, लेकिन वे भी नीचे जाकर फंस गए और वापस बाहर नहीं निकल सके।
इससे कुएं में फंसे लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई। कुआं कच्चा होने के कारण बचाव दल के सामने दीवारों के धंसने का खतरा भी था।
DQRT टीम ने संभाला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना कंट्रोल रूम को मिलने के बाद सिविल डिफेंस की डिजास्टर क्विक रेस्पॉन्स टीम (DQRT) को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
टीम ने कुएं की स्थिति और गहराई को देखते हुए सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव कार्य में क्रेन और रस्सियों की सहायता ली गई। कच्ची दीवारों के कारण टीम को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।
चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
रेस्क्यू टीम ने चारों लोगों को एक-एक कर कुएं से बाहर निकाला। बाहर निकाले गए लोगों में एक महिला और एक पुरुष की स्थिति गंभीर बताई गई।
दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। अन्य दो लोगों को गंभीर चोट नहीं आने की जानकारी सामने आई है।
अमित शर्मा के नेतृत्व में चला अभियान
उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अमित शर्मा के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। जिला कलेक्टर एवं नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा की निगरानी तथा एडीएम साउथ के मार्गदर्शन में बचाव कार्य आगे बढ़ाया गया।
रेस्क्यू टीम में स्वयंसेवक आसिफ खान, साकिब, निक्की, अफजल, युवराज और लक्ष्मण सिंह सहित सिविल डिफेंस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
कच्चे कुएं के कारण चुनौतीपूर्ण था ऑपरेशन
करीब 90 फीट गहराई और कच्ची दीवारों के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। दीवारों के धंसने की आशंका के बीच टीम ने तकनीकी सावधानी के साथ ऑपरेशन पूरा किया। क्रेन की सहायता से चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जयपुर जिले में नागरिक सुरक्षा एवं सिविल डिफेंस की टीमें पहले भी विभिन्न आपात परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्य करती रही हैं।






