राजस्थान पुलिस द्वारा नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत दो कथित ड्रग तस्करों की करीब 70 लाख रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। इस संबंध में भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने फ्रीजिंग नोटिस जारी किए हैं।
यह कार्रवाई महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के नेतृत्व में की गई।
वित्तीय जांच में खुला अवैध कमाई का नेटवर्क
कोटड़ी थाना पुलिस ने लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त बताए जा रहे अकबर खान और नय्युम खान की वित्तीय जांच की। जांच में सामने आया कि दोनों ने एमडीएमए, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से संपत्तियां खरीदी थीं।
इसके आधार पर थाना प्रभारी रोहित कुमार ने एनडीपीएस एक्ट के तहत संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजा, जिसे मंजूरी मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
2025 के एनडीपीएस मामले से जुड़ा है पूरा प्रकरण
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को हथुनिया थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अकबर खान को 2.227 किलोग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान सामने आया कि यह मादक पदार्थ नय्युम खान तक पहुंचाया जाना था, जिसके बाद अप्रैल 2026 में उसे भी गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद दोनों की आर्थिक गतिविधियों की जांच में अवैध संपत्तियों का खुलासा हुआ।
दोनों आरोपियों की संपत्तियों पर लगा फ्रीजिंग बोर्ड
जांच में पाया गया कि अकबर खान ने अपने नाम पर लगभग 5 बीघा भूमि, जिसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है, खरीदी थी। वहीं नय्युम खान ने करीब 2 बीघा भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये है, अपने नाम पर खरीदी थी। दोनों संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 70 लाख रुपये आंका गया है।
फ्रीजिंग नोटिस जारी होने के बाद पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग बोर्ड लगा दिए हैं और संबंधित विभागों को भी कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित आर्थिक संसाधनों को भी समाप्त करना है।






